गंज बासौदा से जिला ब्यूरो मुकेश चतुर्वेदी
गंजबासौदा। क्षेत्रीय विधायक हरि सिंह रघुवंशी ने जिला कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर को अस्थाई रूप से नगर पालिका को दिए जाने की बात का उल्लेख किया है। इसी संदर्भ में एक पत्र नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शशि अनिल यादव ने एसडीएम विजय राय को सौंपा है।
जन प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए पत्र में कहा गया है कि नगर के त्योदा रोड स्थित पुरानी कृषि उपज मंडी के दो परिसर है, जिसमें एक परिसर में जहां पर कृषकों की उपज की नीलामी होती थी उसमें वर्तमान में 150 बिस्तर के शासकीय चिकित्सालय का निर्माण कार्य गतीशील है एवं दूसरे परिसर में जहां पर मंडी व्यापारियों की दुकाने थी एवं टीनशेड थे वहां पर वर्तमान में कई अवैध असामाजिक गतिविधियां संचालित हो रही है। नशा आदि करने वाले व्यक्तियों का वहां पर जमावडा लगा रहता है एवं मंडी परिसर की दुकानों में चोरी आदि हो रही है।
उक्त मंडी का परिसर निकाय को अस्थाई रूप से हस्तांतरित हो जाता है तो निकाय द्वारा उसमें श्रीरामलीला मेला प्रदर्शन, शासकीय कार्यक्रम, सब्जी मंडी, एवं नगर में रोड किनारे जो हाथ ठेला चालक अतिक्रमण करते है उन्हे शिफ्ट करवाने का कार्य कर सकेंगी एवं उक्त परिसर की सुरक्षा एवं साफ सफाई भी हो सकेगी।
पत्र में अनुरोध किया गया है कि पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर को सुरक्षा एवं सफाई के मद्देनजर रखते हुये निकाय को अस्थाई रूप से नपा को हस्तांतरित कराने का कष्ट करें।
नपा अध्यक्ष ने सीमा वृद्धि के लिए दिया ज्ञापन
गति दिवस राज्यपाल के नगर आगमन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शशि अनिल यादव ने उन्हें ज्ञापन सौंप कर नगर सीमा भारती संबंधी प्रस्ताव का उल्लेख किया है। ज्ञापन में कहा गया है कि नगरपालिका क्षेत्र गंजबासौदा से सटे कई क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। नगरपालिका क्षेत्र की सीमा वृद्धि से जनहित में इन समस्याओं का निराकरण किया जा सकता है। सीमा वृद्धि सम्बन्धी प्रस्ताव जिला कलेक्टर विदिशा द्वारा दिनाँक 16.04.2019 को प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग मंत्रालय भोपाल को प्रेषित् किया गया है। जो आज दिनांक तक लंबित है। ज्ञापन में उपरोक्त अनुसार आवश्यक निर्देश जारी करने का निवेदन किया गया है।


