रिपोर्टर बबलू जयसवाल
01 जुलाई 2024 से लागू भारतीय न्याय संहिता के संबंध में आज शासकीय उत्कृष्ट उमावि विद्यालय के विद्यार्थियों को जानकारी देने के लिए पुलिस विभाग द्वारा प्रतिष्ठित नागरिकों एवं कानून के जानकारों के साथ सेमीनार का आयोजन किया गया। सेमीनार में कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना, पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत भी उपस्थित थे।
सेमीनार में कलेक्टर सुश्री बाफना ने संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी अपने अधिकारों एवं कानून को जाने, स्वयं के लिए एवं दूसरों को सहयोग करने के लिए कानून का जानना जरूरी है। नए संशोधन में कानून के पालन के लिए समयसीमा निर्धारित की गई है, इससे त्वरित न्याय प्राप्त होगा। पुलिस अधीक्षक श्री राजपूत ने संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय दण्ड संहिता के स्थान पर आज से भारतीय न्याय संहिता लागू की गई है। भारतीय न्याय संहिता में महिलाओं, बच्चों, कमजोर वर्गों एवं बुजुर्गों की हितरक्षा के प्रावधान है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री पुरूषोत्तम चन्द्रवंशी, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री संतोष जोशी, एडीपीओ श्री अजय शंकर प्रजापति, श्री प्रतीक श्रीवास्तव, शासकीय अभिभाषक श्री महेन्द्र सिंह परमार, बार एसोसिएशन अध्यक्ष श्री विवेक शर्मा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री टीएस बघेल, गणमान्य नागरिकों में श्री आशीष नागर, श्री किरण सिंह ठाकुर, श्री बंटी कौशल कसेरा, श्री हरिओम गोठी, श्री नवीन राठौर सहित गणमान्य नागरिक एवं विद्यालयीन छात्र-छात्राएं व स्टॉफ भी उपस्थित था। इस अवसर पर वीडियो फिल्म दिखाकर भी भारतीय न्याय संहिता की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन श्री मनीष सोनी ने किया।