रिपोर्टर प्रिया दुबे
*विकास कार्यो एवं बुनियादी सुविधाओं में पहले से काफी हुआ है सुधार – विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी*
*अधिकारियों को दो टूक नागरिकों की सुविधाओं को लेकर नहीं होगा कोई समझौता – महापौर एवं विधायक*
*केन्ट विधानसभा क्षेत्र में कराये जा रहे कार्यो की विधायक श्री रोहाणी ने महापौर से की प्रशंसा*
*अद्योसंरचना एवं विकास कार्यो के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं में और विस्तार कर केन्ट विधानसभा क्षेत्र को बनाया जायेगा आदर्श क्षेत्र – विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी*
*शहर सहित केन्ट विधानसभा क्षेत्र के भी सभी वार्डो में बहेगी विकास की गंगा और बदलेगी तस्वीर – महापौर*
*सभी पार्षदों ने अपने वार्डो के विकास की रखी मॉंग*
*डेढ़ से दो वर्ष के भीतर घर-घर पहुॅंचेगा नर्मदा जल – महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू*
*जल प्लावन से और मिलेगी निजात – महापौर*
जबलपुर। शहर के सभी 79 वार्डो में नगर निगम द्वारा समानता का भाव प्रगट करते हुए अद्योसंरचना एवं विकास कार्यो के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं में भी विस्तारीकरण किया जा रहा है। विकास कार्यो की गति पहले की अपेक्षा अभी काफी तेजी से बढी है, जिसकी समीक्षा लगातार की जा रही है और उसमें क्या बेहतर हो सकता है, नागरिकों के लिए और क्या अच्छा कर सकते हैं पर विचार कर निर्णय लिये जा रहे हैं। *इसी कड़ी में आज केन्ट विधानसभा क्षेत्र के विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी की पहल पर* क्षेत्रों में कराये जा रहे कार्यो, जल प्लावन, जल वितरण व्यवस्था के साथ-साथ अद्योसंरचना एवं विकास कार्यो के संबंध में भी समीक्षा बैठक महापौर कार्यालय में आयोजित की गई। जिसमें निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, एम.आई.सी. सदस्य दामोदर सोनी के साथ-साथ केन्ट विधानसभा क्षेत्र के सभी पार्षद क्रमशः शरद श्रीवास्तव, अनुराग दाहिया, निशांत झारिया, श्रीमती सावित्री शाह गोंड़, श्रीमती रंजना रंजू ठाकुर, श्याम कुमार कनौजिया, कृष्णा दास चौधरी, श्रीमती रजनी सुरेन्द्र साहू, निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव, के साथ-साथ जल, लोककर्म, स्वास्थ्य आदि विभागों के अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ के द्वारा शहर के साथ-साथ केन्ट विधानसभा क्षेत्र के वार्डो में कराये जा रहे कार्यो को लेकर विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी ने काफी प्रशंसा की। उन्होंने सभी कार्यो को और गति प्रदान करने तथा नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं में और बेहतर ढंग से बढ़ोत्तरी करने के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि केन्ट विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाया जाना है। जिस पर महापौर ने कहा कि निश्चित रूप से केन्ट विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डो में और बेहतर कार्य कराये जायेगें जिससे कि विधानसभा क्षेत्र के वार्डो की तस्वीर बदलेगी और बहुत शीघ्र ही केन्ट विधानसभा क्षेत्र आदर्श क्षेत्र के रूप में जाना जायेगा। दोनो ने सभी के साथ मिलकर ब्लू प्रिंट भी तैयार किया।
महापौर ने कहा कि जल वितरण व्यवस्था, जलप्लावन की रोकथाम, सीवर के कार्यो को व्यवस्थित करने के अलावा अद्योसंरचना एवं विकास कार्यो पर तेजी से कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केन्ट विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को कोई परेशानी नहीं होगी। इसके लिए सारी तैयारियॉं शुरू कर दी गई है। महापौर श्री अन्नू ने यह भी बताया कि केन्ट विधानसभा क्षेत्र को बहुत शीघ्र अतिक्रमण मुक्त कर बेहतर कार्य कराने की कार्य योजना तैयार की जायेगी और सबसे महात्वपूर्ण कार्य डेढ़ से दो साल के भीतर अमृत 2.0 के अंतर्गत घर-घर नर्मदा जल पहुॅंचाने का कार्य किया जायेगा। महापौर ने सभी अधिकारियों को बैठक में निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने अपने विभाग से संबंधित कार्यो को पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ पूर्ण करें और उसकी रिपोर्ट समय-समय पर विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी को भी दें और उसकी जानकारी मुझे भी व्यक्तिगत रूप से दें। महापौर ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सभी अधिकारी सभी सम्माननीय पार्षदगणों को विश्वास में लेकर काम कराएॅं ताकि आपस में समन्वय एवं सहयोग बना रहे।


