मेरिट सूची में स्थान हासिल करने वाले मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों का अपर कलेक्टर ने किया सम्मान
माध्यमिक शिक्षा मण्डल की हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षा की राज्य और जिला स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले पंडित लज्जाशंकर झा उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मॉडल स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों का आज अपर कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मान किया और उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई देते हुये उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
माध्यमिक शिक्षा मंडल की वार्षिक परीक्षा में मॉडल स्कूल की छात्रा कु. प्रज्ञा शुक्ला ने कक्षा बारहवीं की राज्य स्तरीय मेरिट लिस्ट में पॉचवां तथा जिला स्तरीय मेरिट सूची में अर्पित विश्वकर्मा ने द्वितीय स्थान एवं अक्षित सिंह ठाकुर ने चौथा स्थान हासिल किया है । इसी प्रकार कक्षा दसवीं में राज्य स्तर मॉडल स्कूल के छात्र ओम चौकसे एवं रिया चौधरी ने क्रमशः सातवां एवं नौवां स्थान प्राप्त किया । जबकि जिला स्तर की मेरिट सूची में मो. फैहजान अहमद तीसरे स्थान पर रहे।
इस अवसर पर मॉडल स्कूल के प्राचार्य मुकेश तिवारी ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की वार्षिक परीक्षा में मॉडल स्कूल का कक्षा दसवी एवं बारहवी का कुल परिणाम क्रमशः 99.13 प्रतिशत एवं 100 प्रतिशत रहा । मेधावी बच्चों को प्रशस्ति प्रदान करने के कलेक्ट्रेट में आयोजित इस कार्यक्रम में पालक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष श्री सैनी भी उपस्थित थे।


