कटनी (19 फरवरी ) – जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर अवि प्रसाद ने दो आदतन अपराधियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए ग्राम कुठला थाना इन्द्रानगर सरस्वती स्कूल के पास निवासी राहुल चौहान उम्र 20 वर्ष को 6 माह की अवधि के लिए एवं धर्मेन्द्र वंशकार उम्र 23 वर्ष निवासी थाना रंगनाथ नगर कावस जी वार्ड को एक वर्ष की अवधि के लिए 24 घंटे के भीतर कटनी जिले की राजस्व सीमाओं तथा समीपवर्ती जबलपुर, मैहर, दमोह, पन्ना एवं उमरिया की राजस्व सीमाओं से निष्काशित किया है। कलेक्टर श्री प्रसाद ने यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गये प्रतिवेदन के आधार पर किया है।
राहुल वर्ष 2013 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलग्न है। राहुल के विरूद्ध विभिन्न गाली – गलौच करनें, मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने, लूट करने, तोडफोड करने, चोरी करने, गुंडा गर्दी करना एवं मारपीट कर आम जनता में दहशत फैलाने के लगभग 13 प्रकरण पंजीबद्ध हुए है। राहुल मोहल्ले तथा आस पास के क्षेत्रों में आतंक का पर्याय बन चुका है।
राहुल आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने समय समय पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई लेकिन कोई सुधार परिलक्षित नहीं होने पर इसके कृत्य को रोकने तथा क्षेत्र की शांति व्यवस्था के मद्देनजर राहुल के विरूद्ध 6 माह की अवधि के लिए जिला बदर की कार्यवाही की गई है।
एक अन्य प्रकरण में जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर अवि प्रसाद ने धर्मेन्द्र वंशकार को एक वर्ष की अवधि के लिए जिला जिला बदर किया है। धमेन्द्र वर्ष 2018 से आपराधिक गतिविधियों में संलग्न है। इसके विरूद्ध गंदी गंदी गालियां देकर जान से मारनें की धमकी देने, मारपीट कर चोट पहुंचाने, धारदार हथियार लेकर घूमने, साथियों के साथ मिलकर बलवा जैसी घटना कारित करने, अवैध शराब का क्रय -विक्रय करने कई प्रकरण पंजीबद्ध है।
धर्मेन्द्र की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने समय समय पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई लेकिन कोई सुधार परिलक्षित नहीं होने पर इसके कृत्य को रोकने तथा क्षेत्र की शांति व्यवस्था के मद्देनजर राहुल के विरूद्ध 6 माह की अवधि के लिए जिला बदर की कार्यवाही की गई है।
राहुल चौहान एवं धर्मेन्द्र वंशकार को न्यायालय में चल रहे मामलों में नियत पेशी पर उपस्थित होने की सशर्त अनुमति दी गई है लेकिन थाना प्रभारी को लिखित में सूचना देनी होगी तथा पेशी होने के तुरंत पश्चात न्यायालय के आदेश का पालन करना होगा।


