गुरसहायगंज कन्नौज। रविवार को शार्ट सर्किट होने से घर में लगी आग के कारण घरेलू सामान,बेटी की शादी हेतु रखी नकदी व जेवरात जल कर नष्ट हो गए। पूरा परिवार गमगीन है। रविवार को क्षेत्र के गांव लाडपुर में शार्ट सर्किट के कारण विमला देवी पत्नी स्वर्गीय अरविंद कुमार के घर में अपराह्न लगभग 6 बजे आग लग गई।जब तक आग पर काबू पाने की कोशिश की गई तब तक घर में रखा गृहस्थी का सामान सहित बेटी की शादी हेतु रखा दहेज का सामान,नकदी जल कर खाक हो गई। गृह स्वामिनी विमला देवी और उनके बड़े पुत्र मानसिंह ने लगभग चार लाख रुपए के नुकसान की बात बताई है।इस घटना से पूरा घर गमगीन है।मान सिंह ने बताया की सोमवार को बहिन पूजा की गोद भराई की रस्म पूरी करने जनपद के ही रंगियन पुरवा से रिश्तेदारों को आना था।आगामी मई में शादी होना तय थी।आकस्मिक आई इस विपत्ति के चलते कार्यक्रम रोक दिया गया। बिमला देवी ने ग्राम प्रधान और लेखपाल को सूचना देने पर संबंधित लेखपाल ने मौके पर पहुंच कर हुए नुकसान का आंकलन किया।उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाए जाने के लिए आश्वस्त किया है।


