राज्य शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्री मनोज पुष्प की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के मिनी संवाद कक्ष में गंभीर अपराधों और आदतन अपराधियों की जमानत कार्यवाही के संबंध में समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विनायक वर्मा, अतिरिक्त कलेक्टर श्री के.सी.बोपचे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश प्रताप सिंह, एसडीएम श्री सुधीर कुमार जैन, आयुक्त नगरपालिक निगम श्री राहुल सिंह राजपूत, परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण श्री आर.एस.बाथम, जिला अभियोजन अधिकारी श्री समीर पाठक, म.प्र.प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, खाद्य एवं औषधि सुरक्षा प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री पुष्प ने निर्देश दिये कि गंभीर अपराधों और आदतन अपराधियों को चिन्हित करें और उनके द्वारा पुन: समान प्रकृति के अपराध किये जाने पर उन्हें जमानत पर नहीं छोड़े जाने के संबंध में न्यायालय के माध्यम से समुचित कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि आदतन अपराधियों के विरूध्द तकनीकी साक्ष्य होना आवश्यक है जिससे उन्हें न्यायालय से जमानत न मिल सके । बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतिमाह इस संबंध में बैठक आयोजित कर ऐसे प्रकरणों की समीक्षा की जाये और आदतन अपराधियों से न्यायालय द्वारा अधिरोपित शर्तों का पालन कराया जाना सुनिश्चित किया जाये। बैठक में अन्य बिन्दुओं पर भी चर्चा की गई ।


