रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा स्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन के लिए नर्मदापुरम और सिवनीमालवा विधानसभा के लिए आईआरएस अधिकारी श्री संजय कक्कड़ को केंद्रीय व्यय प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। व्यय प्रेक्षक श्री कक्कड़ ने आज कलेक्टर कार्यालय स्थित शिकायत कंट्रोल रूम, मीडिया मॉनिटरिंग सेल आदि का निरीक्षण किया तथा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी अधिकारियों को सौंप गए दायित्वों का पूरी गंभीरता के साथ क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। साथ ही 40 से अधिक अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी प्रमुख बिंदुओं पर प्रशिक्षण भी दिया।
व्यय प्रेक्षक श्री कक्कड़ ने सिवनीमालवा विधानसभा का भी भ्रमण कर यहां नाम निर्देशन प्रक्रिया सहित निर्वाचन की तैयारियों का जायजा लिया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह, उप निर्वाचन अधिकारी श्री देवेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।


