कटनी। मुख्यमंत्री बालक बालिका ई स्कूटी योजना के तहत लाभान्वित एक प्रतिभाशाली छात्रा को बैंक में खाता न खुल पाने की वजह से योजना का लाभ प्राप्त करने में आ रही परेशानी संज्ञान में आते ही कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद द्वारा इसका तत्काल निदान कराया गया। जिससे पिछले कई दिनों से परेशान और योजना के लाभ को लेकर आशंकित बालिका के चेहरे पर छाई मायूसी दूर हुई। अपनी समस्या का तत्काल निराकरण कराए जाने पर बालिका ने कलेक्टर श्री प्रसाद और जिला प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया है।
*आधार कार्ड में उपनाम न होने से नहीं खुल पा रहा था खाता*
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश सरकार ने बालिकाओं को सशक्त बनाने और उन्हें उज्जवल भविष्य बनाने में मदद करने के लिए संचालित योजनाओं के तहत मुख्यमंत्री बालिका स्कूटी योजना शुरू की है। सरकार इस योजना के तहत छात्राओं को ई स्कूटी प्रदान करेगी। यह योजना 12 वीं पास छात्राओं के साथ-साथ 12 वीं कक्षा में सबसे अधिक मार्क्स प्राप्त करने वालों के लिए भी लागू होती है। सरकार राज्य में पात्र छात्राओं को मुफ्त इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान कर रही है। इसी योजना के अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरिया पान से कक्षा 12वी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण करने वाली छात्रा दीक्षा विश्वकर्मा द्वारा भी पंजीयन कराया गया। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए उसके द्वारा अपना खाता बैंक में खोलने एप्लाई किया गया। लेकिन बैंक स्टॉफ द्वारा छात्रा के आधार कार्ड और पैन कार्ड में उपनाम न होने के कारण खाता खोलने से मना कर दिया गया।
*परेशान बालिका ने कलेक्टर से की शिकायत*
कई प्रयास के बाद भी नया बैंक खाता न खुल पाने और पुराना खाता बंद करने के कारण योजना के लाभ से वंचित हो जाने की आशंका के चलते बालिका द्वारा थक हार कर इसकी शिकायत कलेक्टर श्री प्रसाद से की गई। शिकायत मिलते ही कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा जिला लोक सेवा केन्द्र प्रबंधक दिनेश विश्वकर्मा को शिकायत का निराकरण कराने के लिए निर्देशित किया गया। निर्देश के परिपालन में संबंधित अधिकारी द्वारा बालिका का खाता खुलवा कर उसकी शिकायत का निराकरण किया गया। अपनी शिकायत का त्वरित निराकरण कराए जाने पर बालिका ने कलेक्टर श्री प्रसाद का धन्यवाद ज्ञापित किया है।
Jansampark Madhya Pradesh


