कटनी (20सितंबर)- जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की मांग पर जिले भर में पर्याप्त जल संचय, श्रमिकों को रोजगार की उपलब्धता और स्थानीय आवश्यकताओं के मद्देनजर जल संरचनाओं का निर्माण अनवरत रूप से कराया जा रहा है। नवीन तालाबों के निर्माण से जल भराव होने से जहां जल स्तर में वृद्धि होगी वहीं स्थानीय ग्रामीणों और मेहनत कश श्रमिकों को रोजगार के अवसर भी मुहैया हो सकेंगे। जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत ने जनपद पंचायत कटनी, रीठी और ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और सहायक यंत्रियों को पांच नवीन तालाबों के निर्माण हेतु 81.11लाख रुपए की लागत से निर्माण कार्य कराए जाने हेतु सशर्त अनुमतियां प्रदान की है।सीईओ श्री गेमावत ने विकासखंड कटनी की ग्राम पंचायत गुबराधरी और सिघनपुरी में क्रमशः 18.93 लाख एवं 19.88 लाख रुपयों की लागत से नवीन तालाब निर्माण की अनुमति प्रदान की है। इसी प्रकार रीठी विकासखंड के पटेहरा और बडखेरा में 14 लाख 19 हजार और 14 लाख 22 हजार की लागत से नवीन तालाब का निर्माण होगा। जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा की ग्राम पंचायत देवरी बिछिया में 13.89 लाख रुपयों की लागत से नवीन तालाब निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। सीईओ ने उक्त अनुमति कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के प्रस्ताव पर प्रदान की है। जिला पंचायत सीईओ श्री गेमावत ने मनरेगा एवं विभागीय निर्देशों और मानकों का पालन करते हुए नियत समय में निर्माण कार्य कराए जाने के निर्देश दिए हैं।


