कटनी (20सितंबर)- राज्य शासन की मंशा के अनुरूप कार्यालयों में सुशासन स्थापित करने की दृष्टि से नागरिकों को नियत समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण सेवा प्रदायगी सर्वोच्च प्राथमिकता की श्रेणी में है। इस दिशा में जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं ताकि ग्रामीणों को ई गवर्नेंस के माध्यम से केंद्र और राज्य शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का तय समय सीमा में पात्रतानुसार लाभ प्राप्त हो सके। जिले के समस्त विकासखंडों में से बेहतर कार्य कर उत्तम सेवा प्रदान करने वाली एक एक ग्राम पंचायत को सीईओ श्री गेमावत द्वारा आईएसओ प्रमाणीकरण हेतु संचालक सह आयुक्त पंचायत राज संचालनालय भोपाल को पत्र प्रेषित किया गया है। सीईओ श्री गेमावत ने बताया कि जनपद पंचायत बड़वारा की बड़वारा, कटनी से कंहवारा, विजयराघवगढ़ से शिवधाम, बहोरीबंद से तेवरी ,ढीमरखेड़ा से महगवां बडखेरा और रीठी से बड़गांव ग्राम पंचायत को सेवाप्रदाय के क्षेत्र में गुणवत्ता पूर्ण सेवा प्रदायगी करने पर आईएसओ सर्टिफिकेशन हेतु प्रस्तावित किया गया है।


