विधायक मुड़वारा श्री जायसवाल की अनुशंसा पर निवार नदी गुलवारा में होगा स्टाप डेम का निर्माण
कटनी (29 अगस्त )- जिले के किसानों एवं आम नागरिकों की सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर अवि प्रसाद द्वारा निरंतर प्रयास किये जा रहे है। इसी क्रम में कलेक्टर अवि प्रसाद ने जनपद पंचायत कटनी की ग्राम पंचायत गुलवारा में स्टॉप डेम निर्माण कार्य कराने हेतु 52 लाख 10 हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने गुलवारा मे निवार नदी पर स्टॉप डेम निर्माण कार्य हेतु प्रशासीय स्वीकृति कटनी ( मुड़वारा) विधायक संदीप जायसवाल की अनुशंसा पर प्रदान किया है।
खनिज प्रतिष्ठान मद एवं महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना गारंटी स्कीम मध्यप्रदेश मद की राशि से यह निर्माण कार्य कराया जायेगा। इस कार्य की निर्माण एजेंसी कार्यपालन यंत्री, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग कटनी को नियुक्त किया गया है। इस कार्य में 1927 मानव दिवस का रोजगार भी सृजित होगा।
कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा जारी प्रशासकीय स्वीकृति आदेश मे निर्माण एजेंसी द्वारा शर्तों ,नियमों और प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई है।


