विदिशा जिला ब्यूरो मुकेश चतुर्वेदी
गंजबासौदा :- अहिंसक समाज के साधु आचार्य कामकुमार नंदी जी मुनिराज की निर्मम हत्या के विरोध में पूरे भारत में आक्रोश व्याप्त है। जैन समाज के साथ अखिल भारतीय वैश्य महासंघ ने भी इस दुखद घटना के खिलाफ अपना मोर्चा खोला।
पूरे भारतवर्ष में अल्पसंख्यक जैन समाज सभ्य एवं अहिंसा प्रेमी समाज के रूप में जानी जाती है। जिस समाज के साधु छोटे से छोटे जीव के प्राणों की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व निछावर कर देते हैं, ऐसी परम तपस्वी, परिग्रह के त्यागी एवं महा अहिंसा के धारी साधु की हत्या से पूरे देश की अहिंसक समाज में दुख एवं रोष व्याप्त है। इसी घटना को लेकर अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन (संघ) इकाई गंजबासौदा के पदाधिकारियों ने अपने सदस्यों के साथ एकत्रित होकर एक ज्ञापन देश के प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी के नाम स्थानीय अनुविभागीय अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग रखी कि मुनिराज की हत्या की साजिश का खुलासा अति शीघ्र हो, अपराधियों का मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुना जाए, कर्नाटक सहित संपूर्ण भारत के अल्पसंख्यक समाज के संतों की सुरक्षा सुनिश्चित हो एवम् धर्म तीर्थ एवं साधु संतों की सुरक्षा हेतु जैन संरक्षण बोर्ड की स्थापना हो।
आचार्य काम कुमार नंदी महाराज की स्मृति में वैश्य महासम्मेलन (संघ) गंजबासौदा द्वारा वृक्षारोपण किया गया।


