कटनी( 23 जून )- जिले में कुपोषित बच्चों को सुपोषित करने का सामाजिक अनुष्ठान चल रहा है। कलेक्टर अवि प्रसाद के मार्गदर्शन में चल रहे इस सेवा प्रकल्प में सहभागी बनने सामाजिक संगठनों ने हाथ बढ़ाया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को द्वारिका भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने 70 कुपोषित बच्चों को गोद लेकर उन्हें पोषण किट प्रदान किया। पोषण किट के साथ परिवार के समस्त पर्यवेक्षण का आगामी 3 माह तक का दायित्व भी स्वयंसेवकों ने लिया है।
सेवा कार्य के माध्यम से समाज के पीडि़त जनों तक पहुंचकर, उनके दुख दर्द में सहभागी होकर, पीड़ा को कम करने का प्रयास संघ के स्वयंसेवकों द्वारा निरंतर रहता है, समाज के अंतिम व्यक्ति का दर्द भी अपना दर्द है, ऐसी भावना को लेकर स्वयंसेवकों द्वारा वर्ष भर सेवा के कार्य किए जाते हैं। इसी कड़ी में कटनी जिले में कुपोषित एवं अति कुपोषित चिन्हित बच्चों को सुपोषित आहार मिल सके और उनकी देखरेख तथा शिक्षा आदि की पर्याप्त व्यवस्था हो सके। इस हेतु 23 जून को 70 कुपोषित बच्चों को सुपोषित आहार की किट प्रदान की गई और उनके सुपोषित होने तक उनके देखरेख की जवाबदारी भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने ली।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर अवि प्रसाद द्वारा सुपोषण अभियान मे समाज की भागीदारी का असव्हान करने से प्रभावित होकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कटनी के स्वयंसेवकों ने आगे आकर कुपोषण से सुपोषण के अभियान मे भागीदार बनकर कुपोषित बच्चों के पोषण हेतु किट एवं देखरेख की जवाबदारी ली गई है।
कार्यक्रम में मंच पर कलेक्टर अवि प्रसाद, जिला संघचालक डॉ अमित साहू ,नगर संघचालक किशोर ओचानी, विभाग प्रचारक हरि नारायण चौबे मंचासीन रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में मां सरस्वती के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ, महिला बाल विकास जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह ने अभी तक के कुपोषण से सुपोषण अभियान, जो समाज के सहयोग से चलाया जा रहा है। उसका प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होनें बताया कि कुपोषण से सुपोषण कार्यक्रम अंतर्गत कुल 70 कुपोषित बच्चों को पोषण किट प्रदाय किया गया । इन बच्चों में कटनी शहरी के 40, कटनी ग्रामीण के 20, ढीमरखेड़ा के 02, बड़वारा के 02, विजयराघवगढ के 02 रीठी के 02, बहोरीबंद 02 अपनी माता के साथ उपस्थित रहे ।
पूर्व में कटनी शहर के 182 बच्चे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों द्वारा गोद लिये गये थे, जिसमें 27 बच्चे स्वस्थ्य हो गये है । इन बच्चों में सांकेतिक रूप से अनमोल एवं आर्यन को मंच से प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया ।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री प्रसाद ने समाज के सहयोग से और समाज के विभिन्न संगठनों के सहयोग से इस तरह के अभियान में सहभागी होने के लिए साधुवाद दिया और भावनात्मक रूप से कुपोषित परिवार के साथ जुड़कर उनके सुपोषित होने तक देखरेख की जवाबदारी लेने पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान जिला चिकित्सालय कटनी में सेवा भारती कटनी द्वारा रक्त देने वाले ऐसे 14 व्यक्तियों को सम्मानित भी किया, जो आवश्यकता पड़ने पर हर समय रक्त देने के लिए उपस्थित रहते हैं। कार्यक्रम की प्रस्तावना आरएसएस जिला कार्यवाह अमित कनकने एवं आभार प्रदर्शन तथा कार्यक्रम का संचालन महिला बाल विकास अधिकारी वनश्री कुर्वेती ने किया।
