कटनी। नहाने के दौरान कुंए में डूबने से हुई एक व्यक्ति की मौत की घटना को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद के निर्देश पर मृतक के वारिसान को 4 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत कर प्रदान की गई है। जानकारी अनुसार ग्राम पाली वृत बडगांव तहसील रीठी निवासी अनूप सिंह पिता कोमल सिंह की गांव के ही एक पक्के कुंए में अपने मित्रों के साथ नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई थी। इस खबर के प्रकाशित होने पर कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा इसकी जांच कर नियमानुसार सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश रीठी तहसीलदार को दिए थे। निर्देशों के परिपालन में तहसीलदार द्वारा हल्का पटवारी के जांच प्रतिवेदन के आधार पर मृतक के वारिसान उसके पिता कोमल सिंह पिता देवीसिंह कुशवाहा के नाम पर 4 लाख रुपए आर्थिक अनुदान सहायता राशि स्वीकृत कर प्रकरण अग्रिम कार्यवाही के लिए एसडीएम कटनी को भेजा। एसडीएम द्वारा कार्यवाही कराते हुए 4 लाख रुपए की आर्थिक अनुदान सहायता राशि मृतक के पिता कोमल सिंह के बैंक खाते में जमा कराई गई है ।


