कटनी – (6जून) महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत विकासखंड कटनी के ग्राम पंचायत चाका और केलवारा खुर्द की प्राथमिक शालाओं में बाउंड्री वाल का निर्माण कार्य कराया जाएगा। सीईओ श्री गेमावत ने प्राप्त प्रस्ताव एवं कार्य की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए ग्राम पंचायत चाका के ग्राम लमतरा में 14.91लाख और कैलवारा खुर्द के झुरही टोला में 14.45 लाख की लागत से बाउंड्री वाल निर्माण कार्य हेतु सशर्त अनुमति प्रदान की है। मनरेगा योजना में निहित प्रावधानों के तहत विद्यालयों में बाउंड्री वाल निर्माण हेतु जनपद पंचायत के सीईओ एवं सहायक यंत्री को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए थे। जिसके फलस्वरूप तकनीकी और प्रशासनिक स्वीकृति जारी किए जाने की प्रक्रिया पूर्ण करा ली गई है। विद्यालयों में बाउंड्री वॉल के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार की उपलब्धता ,भवन एवं छात्र छात्राओं की सुरक्षा हो सकेगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने इसके लिए जिला प्रशासन का धन्यवाद एवं आभार जताया है।


