रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह द्वारा जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की सतत रोकथाम के लिए राजस्व, पुलिस, खनिज एवं होमगार्ड की संयुक्त टीम गठित कर 10 अस्थाई जाँच चौकी स्थापित की गई है। उक्त जाँच चौकियों पर गठित दल द्वारा खनिज से भरे वाहनो की जाँच की जाएगी। उक्त कार्य के लिए कलेक्टर श्री सिंह द्वारा अधिकारी/कर्मचारी एवं पर्यवेक्षण अधिकारियों की नियुक्ति कर उनकी ड्यूटी आगामी आदेश तक लगाई गई है। समस्त चौकियों पर प्रात: 8 बजे से सायं 4 बजे तक, सायं 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक एवं रात्रि 12 बजे से प्रात: 8 बजे तक संबंधित अधिकारियों एवं सहायक दल की ड्यूटी लगाई गई है।
उक्त जांच चौकियां ग्राम धानाबड़ में, ग्राम खोजनपुर नर्मदा ब्रिज के पास, ग्राम जासलपुर टोल टैक्स के पास, ग्राम पांजरा रोड में फोरलेन के पास तहसील नर्मदापुरम, ग्राम नसीराबाद, माखननगर पुलिस थाना के पास तहसील माखननगर, ग्राम रामपुर गुर्रा थाना के पास तहसील इटारसी, पगढाल टोल नाका तहसील सिवनी मालवा, ग्राम सांडिया तहसील पिपरिया एवं ग्राम माल्हनवाड़ा तहसील बनखेड़ी में जाँच के लिए स्थापित की गई है।