रिपोर्टर सीमा कैथवास
इटारसी। ओलंपियन अशोक ध्यानचंद ने 14 मई रविवार शाम को इटारसी के गांधी मैदान पर हॉकी फीडर सेंटर के बच्चों को हॉकी के टिप्स दिये। वे यहां एक निजी समारोह में शामिल होने इटारसी आये थे और अचानक गांधी मैदान पर भी बच्चों से मिलने पहुंच गये। हॉकी खिलाड़ी का स्वागत जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष प्रशांत जैन, कार्यकारी अध्यक्ष शिरीष कोठारी, जयराज सिंह भानू, वरिष्ठ खिलाड़ी राजेन्द्र सिंह तोमर, दीप सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष सर्वजीत सिंह सैनी, वरिष्ठ खिलाड़ी राकेश पांडेय, कन्हैया गुरयानी, राजेश पंडित, निशांत अगस्टीन, साजिद मलिक सहित अन्य खिलाडिय़ों ने किया। जिला हॉकी संघ की ओर से उनका शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। अशोक ध्यानचंद ने बच्चों को कहा कि मैदान से प्यार करें,जब मैदान पर रहें तो सिर्फ खेल पर ध्यान दें। आज हॉकी शारीरिक मेहनत के साथ दिमाग से खेला जाने वाला खेल भी हो गया है। इसलिए पूरी तरह से खेल पर ध्यान लगायें। उन्होंने कहा कि हॉकी मैदान से बाहर रहें तो पढ़ाई में मन लगायें और मैदान पर केवल हॉकी में मेहनत करें। यहां आपके कोच जो बताएं उसे ध्यान से सुनें और उसी के अनुसार अपने खेल में निखार लाएं।
