कटनी (12 मई ) – कलेक्टर अवि प्रसाद द्वारा प्रसव के मामलों की नियमित निगरानी और समीक्षा के बाद स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा बरती गई लापरवाही पर संबंधित स्वास्थ्य कर्मी से स्पष्टीकरण तलब करनें के निर्देश सी एम एच ओ को दिए हैं।
कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश के बाद ब्लॉक कन्हवारा के उपस्वास्थ्य केन्द्र निवार मे पदस्थ ए.एन.एम आरती मंडल एवं अर्चना तिवारी द्वारा 09 मई को गर्भवती महिला को सी.एच.सी कन्हवारा से 108 एम्बुलेंस वाहन द्वारा जिला चिकित्सालय कटनी प्रसव हेतु रेफर किये जाने तथा ए.एन.सी के दौरान गर्भवती की कोई भी जांच नहीं किये जाने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रदीप मुडि़या द्वारा एएनएम आरती मंडल एवं अर्चना तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर उपरोक्त संबंध में अपना स्पष्टीकरण दो दिवस में प्रस्तुत करनें हेतु निर्देशित किया गया है।
इसके साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बहोरीबंद मे पदस्थ चिकित्सा अधिकारी आनंद अहिरवार एवं नर्सिंग ऑफिसर प्रीति राय द्वारा 09 मई को गर्भवती महिला को 108 एम्बुलेंस वाहन द्वारा जिला चिकित्सालय कटनी प्रसव हेतु रेफर किया गया गर्भवती की मात्र तीन जांच की गई और हाई रिस्क नहीं होने के बाद भी रेफर किया गया।इस पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। ब्लॉक बहोरीबंद के उपस्वास्थ्य केन्द्र लिगरी मे पदस्थ सी एच ओ मोहम्मद जोएब खान द्वारा 09 को गर्भवती महिला को 108 एम्बुलेंस वाहन द्वारा जिला चिकित्सालय कटनी प्रसव हेतु रेफर किये जाने तथा ए.एन.सी के दौरान गर्भवती की जांच नहीं किये जाने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रदीप मुडि़या द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिवस में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करनें हेतु निर्देशित किया है।
विदित हो कि कलेक्टर अवि प्रसाद द्वारा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने सहित प्रसव के रेफरल प्रकरणों की निरन्तर समीक्षा की जा रही है। विगत दिवस आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर अवि प्रसाद ने स्वास्थ्य महकमें को दो टूक हिदायत दी थी कि प्रसव के रेफरल प्रकरणों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। गर्भवती महिला की ए.एन.सी के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सभी जांचें करने तथा इन सब मामलों में कोताही बरतने पर कड़ी कार्यवाही किये जानें के निर्देश दे रखे है।
