रिपोर्टर सीमा कैथवास
इटारसी। पुरानी इटारसी में विधायक कार्यालय के सामने से हटायी गई शराब दुकान को थोड़ा आगे बस्ती के बीच में ही पुनः प्रारंभ होने का वहां के निवासी फिर विरोध कर रहे हैं। वार्ड के लोगों ने विधायक को लिखे पत्र में इसे आबादी से दूर कराने की मांग की है। वार्ड 6 की जनता ने पत्र में कहा कि पूर्व में अंग्रेजी शराब की दुकान 2023-2024 सत्र के लिए शंकर जनरल स्टोर, विधायक कार्यालय के सामने पुरानी इटारसी खोली गई थी, जिसका आम जनता ने विरोध किया और विधायक कार्यालय के सामने से उसे विस्थापित करने के कहा गया। शराब के ठेकेदार ने बड़ी होशियारी दिखाते हुए दुकान वहां से 100 मीटर की दूरी पर ही घनी आबादी के क्षेत्र रेवा जनरल स्टोर के बाजू में इसे पुन: प्रारंभ कर दिया है। आमजन का कहना है कि यहां बच्चे, महिलाएं परिवार के साथ रहती हैं। वहां एक जर्जर मकान में शराब ठेकेदार ने अपनी दुकान खोल दी, जिससे वहां रहने वालों में बहुत रोष है। यहां रहने वाले शिकायत लेकर विधायक के पास पहुंचे। विधायक ने तुरंत कलेक्टर और आबकारी विभाग से शराब की दुकान हटाने को कहा। विधायक डॉ. शर्मा ने 2 दिन का आश्वासन दिया है। उसके बाद क्षेत्र के लोग कलेक्टर से मिलेंगे।
