कटनी, 10 मई, 2023*
कटनी कलेक्टर अवि प्रसाद भारत सरकार के कारपोरेट मामलों के मंत्रालय के तहत इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया के देश भर के दो लाख छात्रों और 65 हजार सदस्यों को सोमवार 22 मई की शाम 4 बजे मुख्य अतिथि की हैसियत से वर्चुअली संबोधित करेंगे।
देश की प्रतिष्ठित और नामचीन संस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया के छात्रों को मोटिवेशनल स्पीच देने के लिये मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रण पाने वाले कटनी कलेक्टर अवि प्रसाद प्रदेश के पहले कलेक्टर हैं। इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज के 22 मई को आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर अवि प्रसाद प्रेरक सत्र को संबोधित करेंगे। जिसमें छात्रों को श्री प्रसाद अपने आई.ए.एस अधिकारी बनने की शैक्षणिक यात्रा वृत्तांत की सफलता की कहानी बतायेंगे। साथ ही छात्रों के पेशेवर कैरियर में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण टिप्स देंगे। इसके अलावा श्री प्रसाद छात्रों को असफलता की स्थिति में मानसिक संबल की मजबूती के मामले में भी मार्गदर्शन करेंगे।
कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा मुख्य अतिथि के तौर पर वर्चुअली संबोधन के आमंत्रण को स्वीकार करने पर इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव ए.के श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि कलेक्टर श्री प्रसाद के प्रेरक संबोधन और अनुभवों को सुनकर संस्थान में महत्वपूर्ण आयाम जुड़ेगा और छात्र लाभान्वित होंगे।
*मनोज*
