सीमा कैथवास की रिपोर्ट
नर्मदापुरम । म प्र शासन के निर्देशानुसार सहयोगिनी मातृ समिति के सदस्यों के प्रशिक्षण के लिए परियोजना स्तर पर मास्टर ट्रेनर तैयार करने के लिए संभाग स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन मंगलवार 28 फरवरी को आंगनबाडी प्रशिक्षण केन्द्र पवारखेड़ा में संपन्न हुआ।
सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास नर्मदापुरम ने उक्ताशय की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण में संभागीय संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास एच के शर्मा ने प्रशिक्षण में उपस्थित प्रतिभागियों को बताया कि मातृ सहयोगिनी समिति के गठन के संबंध में परियोजना स्तर एवं ग्राम स्तर पर गुणवत्तापूर्वक प्रशिक्षण का आयोजन कर समितियों का गठन किया जाए ताकि विभागीय योजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेहिता एवं जागरूकता के साथ-साथ बेहतर परिणाम परिलक्षित हो सकें। मैदानी स्तर पर गठित सहयोगिनी मातृ समिति के सदस्यों को प्रशिक्षित कर उनके कार्य, जिम्मेदारी व अधिकारों की जानकारी प्रदान की जावे ताकि शासन की मंशा अनुरूप विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों का क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। कार्यशाला में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर व्हीपी गौर, सुश्री चेतना ढिवरे, श्रीमती सुचित्रद्धा राजावत ने प्रशिक्षण में उपस्थित प्रतिभागियों को सहयोगिनी मातृ समिति, उप समितित के गठन, अधिकारी एवं वैधानिक स्वरूप, खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 अंतर्गत प्रदायित अधिकार, पैसा एक्ट, सामाजिक संपरीक्षा आदि के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया कि वे अब परियोजना स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में सभी पर्यवेक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहयोगिनी मात समिति को प्रशिक्षण प्रदान करना सुनिश्चित करे। मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के द्वारा पूछे गये प्रश्नों का भी समाधानपूर्वक उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। कार्यशाला में संभाग अंतर्गत बैतूल, हरदा एवं नर्मदापुरम के प्रतिभागी यथा परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। प्रशिक्षण समापन पर सहायक संचालक राकेश शर्मा ने प्रशिक्षण में उपस्थित सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
