कटनी (27 फरवरी ) – अपनी मानसिक स्थिति सही न होने से दर दर भटक रही एक सभ्य और संपन्न घर की वृद्ध महिला को कलेक्टर के त्वरित प्रयास से अपने परिजनों को सौंपा गया। जिससे परिजनों में खुशी का ठिकाना न रहा। उन्होंने कलेक्टर अवि प्रसाद का आभार व्यक्त किया और महिला को लेकर अपने घर लौट गए।
जानकारी लगते ही लिया एक्शन
झांसी उत्तरप्रदेश निवासी भानुप्रताप सिंह की 70 वर्षीय पत्नी सरोजनी सिंह मानसिक स्वास्थ्य ठीक न होने की वजह से परिवार से किसी बात पर नाराज होकर घर से 30 दिसंबर को चली आई थी, जो तब से दर दर भटक कर भीख मांगकर अपना जीवन व्यतीत कर रही थी।
पार्षद ने दी कलेक्टर को सूचना
शनिवार – रविवार की दरम्यानी रात एक सभ्य और संपन्न सी दिखने वाली वृद्ध महिला को चंडिका नगर कुठला में भीख मांगते देख स्थानीय पार्षद ओमी अहिरवार और विजय सिंह ने तत्काल इसकी जानकारी कलेक्टर अवि प्रसाद को दी। बिना वक्त गंवाए कलेक्टर श्री प्रसाद ने एक्शन लेते हुए वृद्धा को रात में ही श्री कृष्ण वृद्धाश्रम पहुंचाया और परिजनों की जानकारी लेकर उनसे संपर्क किया।
गुलदस्ता देकर किया विदा
जानकारी लगते ही महिला के पति भानुप्रताप सोमवार की सुबह कटनी पहुंचे जहां उनकी पत्नी को उनके सुपुर्द कर दिया गया। कलेक्टर श्री प्रसाद ने वृद्ध सरोजनी सिंह को गुलदस्ता भेंट कर विदा किया। इस दौरान महिला और उनके परिजनों के चेहरे पर खुशी देखते ही बनती थी। इस मौके पर महापौर श्रीमती प्रीति सूरी और स्थानीय पार्षद ओमी अहिरवार भी मौजूद रहे।