सीमा कैथवास की रिपोर्ट
नर्मदापुरम । जिला मुख्यालय पर बीती रात जिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मरीज के परिजनों के साथ आए युवक ने डॉक्टर के साथ गुंडागर्दी और अभद्रता की। इतना ही नही बदमाश युवकों ने सुरक्षा गार्ड के सामने डॉक्टर की कॉलर तक पकड़कर झकझोर दिया । उक्त घटना वहा लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। वही डॉक्टर की शिकायत पर कोतवाली थाने में युवक के खिलाफ शासकीय कार्य के दौरान हमले का मामला दर्ज किया गया है। कोतवाली थाना टीआई विक्रम रजक ने बताया कि पूरी घटना जिला अस्पताल में बीती रात करीब 12 :15 बजे के आसपास की है । अस्पताल में ठीक से इलाज नहीं करने की बात को लेकर डॉ शुभम से युवक उदित शर्मा ने अभद्रता और गुंडागर्दी की। पुलिस ने आरोपी युवक उदित शर्मा के खिलाफ शासकीय कार्य के दौरान बांधा डालने के आरोप में मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी उदित शर्मा पुलिस की गिरफ्त में है।
