कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने बुधवार को चांवरपाठा विकासखंड के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र का भ्रमण किया।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत गुंदरई के अंतर्गत ग्राम जगन्नाथपुर में अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। बारिश का जल संरक्षित करने परेवाखोह नाला से जल अमृत सरोवर में लाने की तैयारी पर चर्चा की। इसके लिए उन्होंने गैबियन स्ट्रक्चर, कंटूर ट्रेंच बनाने के निर्देश दिये।
कलेक्टर सुश्री बाफना ने पाड़ाझिर एवं बरांझ नदी के पुनर्जीवन के बारे में चर्चा की। उन्होंने झाड़ियों और नालों की साफ- सफाई करने के निर्देश दिये।
उल्लेखनीय है कि चांवरपाठा विकासखंड के अंतर्गत नदी पुनर्जीवन परियोजना के तहत पाड़ाझिर एवं बरांझ नदी को शामिल किया गया है। पाड़ाझिर नदी की कुल लम्बाई 23.26 किमी को उपचार के लिए प्रस्तावित किया गया है। इस नदी का कैचमेंट एरिया 28.04 वर्ग किमी है। पाड़ाझिर नदी से ग्राम चरगुवां, कोहानी, बिल्हरा, नादिया, गुटोरी, खैरी, मंहदा, डोभी, इमलिया- कढ़ैली जुड़े हैं। इसी तरह बरांझ नदी , जिसकी कुल लम्बाई 13.6 किमी है ,को उपचार के लिए प्रस्तावित किया गया है। बरांझ नदी से ग्राम रमपुरा, खमरिया, उमाहा, ईश्वरपुर, काचरकोना, इमलिया संबंधित हैं।नदी पुनर्जीवन के इन कार्यों से क्षेत्र में वर्ष भर जल उपलब्धता बनी रहेगी,भू जल स्तर में वृद्धि होगी साथ ही सिंचाई कार्य के लिए भी कृषकों को पर्याप्त पानी मिलेगा
सुश्री बाफना ने ग्राम पंचायत नादिया में आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने आधार एवं फोटो अपडेशन के लिए सेक्टरवार कैम्प लगाने के निर्देश तहसीलदार व सीईओ जनपद को दिये।
निरीक्षण के दौरान ज़िला पंचायत सीईओ डॉ. सौरभ संजय सोनवणे सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।