प्रदीप गुप्ता/नर्मदापुरम/भारतीय तीरंदाजी संघ के सहयोग एवं मध्यप्रदेश तीरंदाजी संघ द्वारा चतुर्थ नेशनल रैंकिंग एन.टी.पी.सी. तीरंदाजी टूर्नामेंट एस.एन.जी. स्टेडियम नर्मदापुरम में 9 अक्टूबर से प्रातः 8:45 से प्रारंभ होगी।प्रतियोगिता तीन श्रेणियों में आयोजित की जावेगी, जिसमें 9 एवं 10 अक्टूबर को सब जूनियर, 12 एवं 13 अक्टूबर को जूनियर तथा 15 एवं 16 अक्टूबर को सीनियर वर्ग (महिला-पुरूष) की होगी। तीरंदाजी दो तरह की होती है, जिसमें रिकर्व एवं कम्पाउण्ड शामिल है। प्रतियोगिता में देश के नामी खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता हेतु एस.एन.जी. स्टेडियम में तैयारियां पूर्ण कर लीं गईं है। प्रतिदिन प्रतियोगिता का आयोजन प्रातः 8ः00 बजे से किया जायेगा। पंडित गिरिजाकर शर्मा अध्यक्ष मध्यप्रदेश तीरंदाजी संघ ने बताया कि भारतीय तीरंदाजी संघ के द्वारा प्रतियोगिता का सफल आयोजन एल. मूर्ति कॉम्पीटिशन डायरेक्टर झारखंड, सुश्री अनुरिद्धी शील चीफ जज पश्चिम बंगाल, सुश्री ज्योति रानी हरियाणा, अमित जैन एवं नंदलाल मध्यप्रदेश, रविराज शर्मा झारखंड, महेन्द्र प्रताप सिंह उत्तरप्रदेश जज, संदीप काले महाराष्ट्र डायरेक्टर ऑफ शूटिंग, आर.एन. सिंग चीफ स्कोर्र तथा बी. गोपीचंद रिजल्ट इंचार्ज आंध्रप्रदेश के दिशा-निर्देशन में आयोजित होगी।
चतुर्थ नेशनल रैंकिंग एन.टी.पी.सी. तीरंदाजी टूर्नामेंट में देश भर से 300 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। साथ ही राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज एवं एशियाड, ओलंपिक में भाग ले चुके अर्जुन एवार्ड एवं पद्मश्री खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में शामिल होंगे। प्रतियोगिता में मुख्य रूप से जूनियर और सीनियर वर्ग में दो बार कैडेट वर्ल्ड चैपियन कोमालिका बारी झारखंड, सीनियर वर्ग में दीपिका कुमारी अर्जुन एवार्ड और पद्मश्री, ओलपिंयन, अतनु दास अर्जुन एवार्ड और ओलपिंयन,, तरूणदीप राय अर्जुन एवार्ड, पद्मश्री और ओलपिंयन, ज्योति सुरेका अर्जुन एवार्ड, अभिषेक वर्मा अर्जुन एवार्ड, रजत चौहान अर्जुन एवार्ड, जयंत तालुकदार अर्जुन एवार्ड, और ओलपिंयन इस टूर्नामेंट में शामिल होंगे। आयोजन समिति ने सभी खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन करने की अपील की है।