*योगेश गजभिये पांढुरना*.कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में आज NCORD (नेशनल नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नरेश गोन्नाड़े, एसडीओपी पांढुर्णा बृजेश भार्गव, एसडीओपी सौसर प्रियंका पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले में अवैध नशीले पदार्थों के विक्रय, अवैध गतिविधियों एवं झोलाछाप डॉक्टरों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर सख्त निगरानी रखते हुए नियमित जांच एवं कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने एसडीओपी सौसर प्रियंका पांडे को निर्देश दिए कि सौसर क्षेत्र अंतर्गत ढाबों एवं पान दुकानों पर अवैध रूप से नशीले पदार्थों के विक्रय की रोकथाम के लिए नियमित निरीक्षण एवं सघन जांच अभियान संचालित किया जाए। इसी प्रकार एसडीओपी पांढुर्णा श्री बृजेश भार्गव को भी जिले में संचालित इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
*झोलाछाप डॉक्टरों, अवैध क्लीनिकों एवं वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर होगी सख्त कार्यवाही*
बैठक में कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नरेश गोन्नाड़े को निर्देशित किया कि जिले में संचालित झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों को नियमानुसार सील करते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि वन क्षेत्रों एवं जंगली इलाकों में अवैध रूप से शराब निर्माण तथा नशीले पदार्थों की खेती पर प्रभावी रोक लगाने हेतु नियमित निगरानी एवं कार्यवाही की जाए।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने एसडीओपी सौसर एवं एसडीओपी पांढुर्णा को निर्देश दिए कि जिले के अंतर्गत संचालित सभी स्कूलों के 500 मीटर क्षेत्र में स्थित पान दुकानों एवं संबंधित प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाए तथा अवैध रूप से नशीले पदार्थों के विक्रय पर तत्काल रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पान दुकानों एवं संबंधित प्रतिष्ठानों का पृथक रजिस्टर तैयार कर आवश्यक जानकारी संधारित की जाए तथा समय-समय पर निरीक्षण कर निगरानी रखी जाए।
बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी हरिभाऊ हांडे को भी निर्देशित किया गया कि यदि किसी भी विद्यालय के समीप पान दुकानों पर अवैध नशीले पदार्थों के विक्रय की स्थिति पाई जाती है, तो इसकी तत्काल जानकारी जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि त्वरित कार्यवाही की जा सके।


