रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। जिला मुख्यालय पर इन दिनों नर्मदा एवं तवा नदी की बंद पड़ी रेत खदानो पर रसूखदार रेत माफिया हावी हो चुके हैं। जिला प्रशासन लोकसभा निर्वाचन की प्रक्रिया में लगा हुआ है, जिसके चलते रसूखदार रेत माफिया प्रशासन पर भी हावी होते नजर आ रहे हैं और निरंकुश होकर रेत माफियाओं के गुर्गे सड़कों पर ओवरलोड पटिया लगाकर रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रालियां अंधी रफ्तार से शहर में दौड़ा रहे हैं। जिनको पुलिस प्रशासन का भी भय नजर नहीं आ रहा है। जिला मुख्यालय की सड़कों पर लगे हुए पुलिस विभाग के सीसीटीवी कैमरे की यदि जांच किया जाए तो दिन भर सड़कों पर दौड़ती हुई ट्रैक्टर ट्रालियां आपको देखने को मिल जाएंगे। आश्चर्य का विषय है कि मुख्यालय के आसपास की खदानें बंद पड़ी हुई है और रेत माफिया बेखौफ उत्खनन कर ट्रैक्टर ट्रालियों से रेत का परिवहन कर सप्लाई कर रहे हैं। सड़कों पर लोगों का चलना भी दुभर हो रहा है और हमेशा एक्सीडेंट का खतरा बना रहता है। रहवासी क्षेत्र होने से छोटे छोटे बच्चो को भी अंधी रफतार से दौड़ती ट्रैक्टर ट्राली से दुर्घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। ज़िला प्रशासन के अधिकारियो की गाड़ियो को भी इन ट्रैक्टर ट्रालियों से खतरा बना रहता है। शुक्रवार 14 अप्रैल को दिन में बीटीआई कर्बला की तरफ से अंधी रफ्तार से दौड़ती हुई ट्रैक्टर ट्राली को नायब तहसीलदार सृष्टि डेहरिया द्वारा पकड़ा गया, जिनके पास रॉयल्टी नहीं पाए जाने पर रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली को सिटी कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया गया। बताया जाता है कि इस दौरान सिटी पुलिस द्वारा पकड़ी गई ट्रैक्टर ट्रॉली की सुपुर्दगी में लेने के लिए आनाकानी की जाती रही। और थाने के बाहर रेत माफियाओ के गुर्गों का हुजूम भी देखा गया, जो ट्रैक्टर ट्राली को छुड़वाने के लिए भरसक प्रयास करता दिखा। शहरी तहसीलदार देवशंकर धुर्वे ने बताया कि नायब तहसीलदार द्वारा पकडी गई ट्रैक्टर ट्राली का प्रतिवेदन बनाकर एसडीएम न्यायालय को भेज दिया गया है।
एसडीएम नीता कोरी ने बताया कि रेत का अवैध रूप से परिवहन करती हुई ट्रैक्टर ट्राली को नायब तहसीलदार द्वारा पकड़ा गया है। जिसका प्रतिवेदन हमारे यहां आया है,शीघ्र ही वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल पकड़ाई रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली सिटी कोतवाली में खड़ी कराई गई है।


