गौतम नगर थाना पुलिस ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला की खुदकुशी के मामले में जांच के बाद उसके पति और सास के खिलाफ दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक नेहरू नगर निवासी रिचा तोमर (35) सॉफ्टवेयर इंजीनियर थी। उसकी शादी शारदा नगर नारियलखेड़ा निवासी कपिल तोमर के साथ हुई थी। कपिल भी सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। पति-पत्नी दोनों पुणे में एक सॉफ्टवेयर कंपनी में जॉब करते थे, लेकिन लॉकडाउन के बाद भोपाल से ही कंपनी का काम कर रहे थे। दोनों के जुड़वा बच्चे भी हैं। 12 जनवरी को रिचा ने घर में फांसी लगा ली थी।
मौके पर मिले सुसाइड नोट में उसने पति को बच्चों का ख्याल रखने के लिए लिखा था। मामले की जांच में रिचा के परिजन के बयान हुए। उन्होंने बेटी को दहेज के लिए कपिल और सास रुक्मणि द्वारा परेशान करने का आरोप लगाया था। इस आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।