वनों एवं वन्य प्राणियों के संरक्षण और सुरक्षा की दिशा में वन विभाग के प्रयासों को एक बड़ी सफलता मिली
वन संरक्षक वन वृत्त सागर श्री रिपुदमन सिंह तथा वनमंडलाधिकारी उत्तर सागर श्री चंद्रशेखर सिंह के कुशल निर्देशन, उपवन मंडलाधिकारी उत्तर सागर श्री जयप्रकाश के मार्गदर्शन और वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री चन्द्र भूषण सिंह ठाकुर के नेतृत्व में दिनांक 22/11/2026 को वन परिक्षेत्र खुरई के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। दिनांक 22/11/2026 को ग्राम घोरट के समीप रात्रि गश्त कर रहे वन अमले को बीट बलोप ‘ब’ के वनकक्ष क्रमांक PF 22 में रात्रि करीब 4:21 बजे एक बिना नंबर प्लेट की अज्ञात कार वन भूमि से गुजरने वाले रास्ते के बाजू में खड़ी दिखाई दी। इसी दौरान जंगल में दो अज्ञात व्यक्ति सर्च लाइट टॉर्च और दो बंदूक लिए जंगल में यहाँ-वहाँ टॉर्च की रोशनी मारते हुए नजर आए।
वन अमले द्वारा तुरंत तत्परता दिखाते हुए वाहन की घेराबंदी की गई। इस दौरान जंगल में घूम रहे दोनों अज्ञात व्यक्ति अपनी टॉर्च बंद कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे। हालांकि, वाहन की तलाशी लेने पर उसमें दो अन्य व्यक्ति बैठे मिले, जिनकी पहचान शिवम पिता प्रह्लाद लोधी उम्र 21 वर्ष निवासी मालथौन और सत्यम पिता हुकुम लोधी उम्र 24 वर्ष निवासी सेमरा के रूप में की गई। वाहन की गहन तलाशी के दौरान आगे और पीछे की दो नंबर प्लेट, जो कि गाड़ी की पहचान छुपाने के उद्देश्य से खोलकर अंदर रखी गई थीं, इसके अलावा सागौन की लकड़ी, एक चाकू, तीन जिंदा कारतूस तथा दो खाली कारतूस भी बरामद किए गए।
उक्त दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया तथा अपराध में प्रयुक्त एक काले रंग की महिंद्रा XUV 3XO कार को भी जब्त कर लिया गया है। 2 ज्ञात व अन्य दो फरार आरोपियों के विरुद्ध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2(16)a, 9, 51 एवं भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1), 41, 42, 52 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत शिकार का प्रयास तथा अवैध परिवहन का वन अपराध प्रकरण क्रमांक 1320/07 दिनांक 22/11/2026 दर्ज किया गया है। इसके पश्चात सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय मालथौन के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से न्यायालय के आदेशानुसार दोनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में डिप्टी रेंजर श्री वीरेंद्र तिवारी वनरक्षक वीर प्रताप सिंह दिनेश मिश्रा अंकुर राजपूत रवि जोहरी राजेन्द्र कुर्मी राकेश प्रजापति सुरक्षाकर्मी हरनाम कुर्मी अन्नू प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।


