कटनी जिले के रीठी सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दावों के बीच रीठी स्वास्थ्य केंद्र की एक तस्वीर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। यहां भर्ती मरीजों को भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। हालात यह हैं कि मरीजों तक भोजन पहुंचाने के लिए ट्रॉली उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें खुद चलकर किचन तक जाना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों को नियमानुसार उनके बेड तक भोजन पहुंचाया जाना चाहिए, लेकिन यहां व्यवस्था इसके उलट नजर आ रही है। मरीज खुद किचन तक पहुंचकर अपना खाना लेने को मजबूर हैं। सबसे हैरानी की बात यह है कि अस्पताल में भोजन वितरण के लिए ट्रॉली भी मौजूद है, इसके बावजूद उसका उपयोग कर मरीजों तक भोजन नहीं पहुंचाया जा रहा है।
अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीज पहले से ही बीमारी और शारीरिक कमजोरी से परेशान रहते हैं। ऐसे में उन्हें भोजन लेने के लिए वार्ड से किचन तक जाना पड़े, तो यह अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
इस स्थिति ने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और भोजन वितरण व्यवस्था की वास्तविकता उजागर कर दी है। अब सवाल यह उठता है कि जब अस्पताल में ट्रॉली उपलब्ध है, तो आखिर मरीजों तक भोजन पहुंचाने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? क्या स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस अव्यवस्था पर ध्यान देंगे या मरीज इसी तरह परेशान होते रहेंगे,,,? क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने और मरीजों को उनके बेड तक भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
हरिशंकर बेन


