जबलपुर स्टेशन की आगजनी के बाद अलर्ट हुआ रेल प्रशासन, औचक जांच में सामने आईं कई अनियमितताएं
कटनी। जबलपुर रेलवे स्टेशन पर हुई आगजनी की घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। इसी कड़ी में कटनी जंक्शन पर संचालित फूड प्लाजा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। औचक निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर रेल अधिकारियों ने फूड प्लाजा का संचालन तत्काल बंद करा दिया।
सीनियर डीसीएम जबलपुर के निर्देश पर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर खान-पान इकाइयों की जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत अधिकारियों की टीम कटनी जंक्शन पहुंची और फूड प्लाजा का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं, जिन्हें यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना गया।
अब अधिकारियों की अनुमति के बाद ही खुलेगा फूड प्लाजा
रेलवे अधिकारियों ने संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पहले सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद अनुपालन रिपोर्ट सीनियर डीसीएम जबलपुर को भेजनी होगी। संबंधित अधिकारियों की जांच और अनुमति मिलने के बाद ही फूड प्लाजा दोबारा शुरू हो सकेगा।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में सीसीआई नावेद सिद्दीकी, एसएमसी एच.के. शुक्ला, सीएचआई बलवेंद्र प्रताप सिंह और कैटरिंग इंस्पेक्टर ऋषिकांत सहित अन्य रेल कर्मचारी मौजूद रहे।
रेलवे की इस कार्रवाई के बाद स्टेशन परिसर में संचालित अन्य खान-पान स्टालों के संचालकों में भी हलचल देखी जा रही है। इस कार्रवाई से साफ है कि यात्रियों की सुरक्षा के मामले में लापरवाही बरतने वाले संचालकों को अब राहत मिलने वाली नहीं है।


