कटनी जिले की खनिज संपदा और मार्बल उद्योग को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने तथा खनन क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। दिनांक 20 नवंबर 2026 को केरल के प्रतिष्ठित क्राइस्ट कॉलेज के 32 विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के दल ने भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) के आतिथ्य में कटनी जिले की मार्बल खदानों का शैक्षणिक एवं शोधपरक भ्रमण किया।
निवास स्थित राजगढ़िया मार्बल माइंस (निर्वाण मार्बल खदान ) में पहुंचे इस दल ने कटनी के विश्वविख्यात मार्बल की गुणवत्ता, विभिन्न प्रकारों, वैरायटी और इसकी भूवैज्ञानिक विशेषताओं का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। भ्रमण का मुख्य केंद्र मार्बल के वेस्टेज उत्पाद और उन अनियमित या खराब ब्लॉकों का सदुपयोग रहा, जिनसे पारंपरिक टाइल्स नहीं काटी जा सकतीं। शोधार्थियों ने इस नवाचार पर अध्ययन किया कि किस प्रकार इन वेस्टेज ब्लॉकों की कटिंग कर सड़क किनारे लगने वाले पेवर्स, राउंडेड पेवर, कोबल, पेबल, गोलाकार टाइल्स और आकर्षक सजावटी पत्थर तैयार किए जा सकते हैं।
कटनी का मार्बल न केवल मध्य प्रदेश बल्कि देश के अन्य राज्यों में भी अपनी विशिष्ट गुणवत्ता के लिए जाना जाता है। ऐसे में वेस्टेज से मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार करना स्थानीय उद्योगों और पर्यावरण संरक्षण दोनों के लिए एक बेहतरीन सुअवसर है। शोधार्थियों ने खदान से विभिन्न सैंपल एकत्रित किए और इस व्यावहारिक अनुभव पर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की। खदान संचालक श्री राजगढ़िया जी द्वारा सभी शोधार्थियों को खदान की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया तथा प्रत्येक शोधार्थी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
मार्बल खदान के अतिरिक्त शोधार्थियों ने क्षेत्र की समृद्ध भू-संरचना का अध्ययन करते हुए विंध्यन सैंडस्टोन की भूवैज्ञानिक बनावट तथा महाकौशल बेल्ट की जियोलॉजी की बारीकियों को भी समझा। इसके पश्चात शोधार्थियों का दल जबलपुर की खदानों के अवलोकन हेतु रवाना हुआ।
खनिज प्रशासन के दृष्टिकोण से यह भ्रमण अकादमिक जगत और खनन उद्योग के बीच समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। क्राइस्ट कॉलेज, केरल के प्राचार्य द्वारा भी मार्बल वेस्टेज से पेवर, कोबल व अन्य नवाचारी उत्पादों के निर्माण की दिशा में भविष्य में शोध एवं तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाने की सार्थक पहल की गई है।


