*कुर्सी पर बैठकर आदेश देने वाली नहीं, सड़क पर उतरकर खामियां पकड़ने वाली अधिकारी की पहचान बना रहीं RTO रिंकू शर्मा स्कूल बसों से लेकर यात्री बसों तक लगातार कार्रवाई, बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा को बनाया प्राथमिकता।*
*स्कूल बसों की सुरक्षा में सेंध! सिहोरा में परिवहन विभाग का छापा, 90 हजार का जुर्माना, बिना परमिट यात्री बस जब्त*
*RTO के एक्शन से वाहन संचालकों में हड़कंप, चार स्कूल बसों के आपातकालीन गेट के सामने से हटवाई गईं सीटें पांच स्कूलों तक पहुंची जांच टीम*
जबलपुर। स्कूल बस में सफर करने वाले बच्चे अपने माता-पिता से दूर कुछ घंटों के लिए स्कूल प्रबंधन और बस संचालकों की जिम्मेदारी में होते हैं। ऐसे में अगर बस के आपातकालीन दरवाजे के सामने ही सीटें लगा दी जाएं, तो सवाल सिर्फ नियमों के उल्लंघन का नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा का भी है। सिहोरा विकासखंड में परिवहन विभाग की जांच के दौरान ऐसी ही गंभीर कमियां सामने आईं। 18 नवंबर को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रिंकू शर्मा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने पांच स्कूलों में पहुंचकर स्कूल बसों की सघन जांच की। महर्षि विद्या मंदिर, मार्थामा ग्राम ज्योति इंग्लिश स्कूल, रचना मेमोरियल स्कूल, मेरीडियन इंटरनेशनल स्कूल और सलेम इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल में संचालित बसों के पीयूसी, बीमा, परमिट और फिटनेस संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में विभिन्न अनियमितताएं मिलने पर कुल 90,500 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। सबसे गंभीर बात यह रही कि चार बसों में आपातकालीन गेट के सामने सीटें लगी हुई थीं। परिवहन विभाग ने मौके पर ही इन सीटों को खुलवाया। सवाल यह है कि अगर किसी आपात स्थिति में बच्चों को बस से बाहर निकलना पड़े, तो रास्ता रोकने वाली ये सीटें कितनी बड़ी मुसीबत बन सकती थीं? आखिर स्कूल बसों की नियमित जांच में ऐसी कमियां पहले क्यों नहीं पकड़ी गईं?मामला केवल स्कूल बसों तक सीमित नहीं रहा। विभाग ने यात्री बसों की भी जांच की। इस दौरान MP04PA 2155 नंबर की एक यात्री बस बिना परमिट संचालित होती मिली। विभाग ने बस को जब्त कर सिहोरा थाने में सुरक्षार्थ खड़ा करा दिया। यानी सड़क पर यात्रियों को लेकर दौड़ रही बस के पास ही वैध परमिट नहीं था। यह कार्रवाई उन वाहन संचालकों के लिए स्पष्ट संदेश है, जो नियमों को कागजों तक सीमित समझते हैं। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देश और जबलपुर कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा के आदेशों के पालन में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रिंकू शर्मा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। रिंकू शर्मा ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जबलपुर जिले के सभी विकासखंडों में नियमित जांच अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई का संदेश साफ है
स्कूल बस हो या यात्री बस, सड़क पर उतरने से पहले नियमों का पालन करना ही होगा। अधिकारी की जिम्मेदारी केवल कार्यालय में बैठकर फाइलें देखने तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़कों पर उतरकर व्यवस्था की खामियों को पकड़ना भी है। अब देखना यह है कि यह सख्ती कितनी निरंतरता से जारी रहती है और जिले के दूसरे विकासखंडों में भी नियमों की ऐसी ही जांच होती है या नहीं।


