कटनी (19 नवंबर) – जिले की धरती में छिपी खनिज संपदा अब औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों का आधार बनने जा रही है। राज्य शासन के खनिज साधन विभाग ने कटनी जिले में खनिज अन्वेषण को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए बहोरीबंद तहसील के ग्राम सेलारपुर एवं नवलिया स्थित 265 हेक्टेयर क्षेत्र के बेसमेटल ब्लॉक के लिए मेसर्स ए. माइनिंग कॉर्पोरेशन, कटनी को तीन वर्ष की अवधि के लिए समेकित अनुज्ञप्ति स्वीकृत की है। इस महत्वपूर्ण अनुबंध का कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा निष्पादन किया गया।
इस अनुबंध के साथ ही क्षेत्र में तांबा, सीसा और जस्ता जैसे महत्वपूर्ण खनिजों की संभावनाओं को तलाशने का रास्ता खुल गया है। अनुज्ञप्तिधारी संस्था द्वारा स्वीकृत क्षेत्र में खनिज पूर्वेक्षण एवं विस्तृत भूवैज्ञानिक अन्वेषण का कार्य किया जाएगा। अन्वेषण में खनिज भंडार की उपलब्धता और व्यावसायिक संभावनाएं प्रमाणित होने पर भविष्य में खनन एवं औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे जिले में निवेश आकर्षित होने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
स्वर्ण से बेसमेटल तक खनिज संपदा की नई पहचान
कटनी अब पारंपरिक चूना पत्थर खनन के साथ बहुमूल्य धातुओं और बेसमेटल खनिजों के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान बना रहा है। जिले के इमलिया क्षेत्र में 6.51 हेक्टेयर क्षेत्र में स्वर्ण खनन के लिए स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। यहां खदान स्थापना से संबंधित प्रारंभिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं और शीघ्र ही खदान का विधिवत संचालन शुरू होने की संभावना है।
इसी क्षेत्र से लगा लगभग 150 हेक्टेयर का एक अन्य बेसमेटल ब्लॉक भी खनिज नीलामी के लिए प्रस्तावित है, जिसकी वर्तमान में ई-नीलामी प्रक्रिया प्रचलित है।
सर्वेक्षण से तलाशेंगे खनिज संपदा की नई संभावनाएं
भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की रिपोर्ट में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बेसमेटल खनिजों की उपलब्धता के सकारात्मक संकेत मिले हैं। इन संभावनाओं को देखते हुए जिला खनिज कार्यालय एवं क्षेत्रीय कार्यालय भौमिकी तथा खनिकर्म द्वारा लगातार भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण किए जा रहे हैं।
विभाग का लक्ष्य संभावित खनिज क्षेत्रों का चिन्हांकन कर उन्हें नीलामी के लिए तैयार करना है। इन प्रयासों से कटनी में खनिज आधारित उद्योगों, निवेश, राजस्व वृद्धि और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावनाएं मजबूत होंगी।


