कटनी। आवासीय क्षेत्रों में बिना अनुमति कबाड़ का अवैध संग्रहण एवं भंडारण कर नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अग्नि दुर्घटनाओं की आशंका, फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन एवं सार्वजनिक मार्गों पर अवरोध उत्पन्न करने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निगम की संयुक्त टीम द्वारा बी डी अग्रवाल वार्ड की अल्फर्ट गंज बस्ती सहित रघुनाथ गंज वार्ड के घंटाघर क्षेत्र में संचालित चार कबाड़ दुकानों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान तीन कबाड़ दुकानों को सील कर दिया गया, वहीं एक अन्य दुकान में रखी कबाड़ सामग्री जब्त कर जुर्माना अधिरोपित किया गया ।
निगम के गठित फायर सेफ्टी दल द्वारा बुधवार को चलाए गए जांच अभियान के दौरान सामने आया कि अल्फर्ट गंज एवं घंटाघर के कबाड़ व्यवसायियों द्वारा आवासीय क्षेत्र में बिना सक्षम अनुमति के कबाड़ सामग्री का संग्रहण एवं भंडारण किया जा रहा था। सामग्री का अनियंत्रित एवं असुरक्षित तरीके से भंडारण होने से आसपास निवासरत नागरिकों की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न होनी की संभावना के साथ ही आगजनी जैसी गंभीर दुर्घटना की आशंका के साथ सड़क पर आवागमन व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
*इन कबाड़ व्यवसायियों पर हुई कार्यवाही*
निगम प्रशासन द्वारा जिन तीन कबाड़ व्यवसायियों की दुकानों को सील किया गया उनमें अब्दुल सत्तार की अल्फर्ट गंज एवं घंटाघर की कबाड़ दुकान सहित मोहम्मद फिरोज की अल्फर्ट गंज की कबाड़ दुकान शामिल है। वही अल्फर्ट गंज के एक अन्य व्यवसाई मोहम्मद शमीम द्वारा सार्वजनिक मार्ग में कबाड़ सामग्री रखकर व्यवसाय संचालित किए जाने पर दो हजार रूपये का जुर्माना भी किया जाकर दोबारा सार्वजनिक मार्ग पर दुकान सामग्री रख व्यवसाय नहीं करने की सख्त हिदायत भी दी गई।
*पूर्व में भी दिया गया नोटिस*
इस संबंध में निगम प्रशासन द्वारा संबंधित कबाड़ व्यवसायियों को पूर्व में सूचना पत्र जारी कर अवैध भंडारण तत्काल हटाने एवं नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी किए जाने पर निगम प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्यवाही के दौरान अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह, सहायक फायर निरीक्षक शैलेन्द्र दुबे, एवं स्वास्थ्य शाखा व अतिक्रमण शाखा की टीम मौजूद रही।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिना अनुमति व्यवसाय संचालन, ज्वलनशील एवं अन्य कबाड़ सामग्री का असुरक्षित भंडारण तथा सार्वजनिक मार्गों पर अवरोध उत्पन्न करने जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस दिशा में नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यवसायियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


