ढीमरखेड़ा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम भटगवां के समीप वन भूमि पर अतिक्रमण करने और अन्य ग्रामीणों को भी अतिक्रमण के लिए उकसाने के मामले में वन विभाग ने चार व्यक्तियों के खिलाफ नामजद वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। मामले में वन विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए भटगवां निवासी दिलराज सिंह और राजू सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया
वन विभाग के अनुसार, ग्राम भटगवां के निकट स्थित वन क्षेत्र पीएफ-295 में वन भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा था। इसके साथ ही अन्य ग्रामीणों को भी वन भूमि पर अतिक्रमण करने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। इस मामले में विभाग ने चार व्यक्तियों को नामजद करते हुए वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है।
कार्रवाई के दौरान पकड़े गए दिलराज सिंह और राजू सिंह को न्यायालय ढीमरखेड़ा में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेशानुसार दोनों आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वन विभाग द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


