रिपोर्टर डॉ. सीमा केैथवास
नर्मदापुरम। जिला मुख्यालय के नगर पालिका परिषद कार्यालय सहित रेलवे स्टेशन रोड जाने वाले रास्ते पर रिलायंस स्मार्ट बाजार की बिल्डिंग द्वारा सड़क तक किए गए अतिक्रमण को लेकर पिछले दिनों नगर पालिका सीएमओ वैभव देशमुख द्वारा नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद से खासा हड़कंप मचा हुआ है। 14 नवंबर शनिवार दिन में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यहां से गुजरने वाले लोगों ने बिल्डिंग के सामने सड़क तक सीढ़ियां और रैंप को हटाने के लिए जेसीबी चलती देखी। इसके बाद यह खबर मीडिया तक भी पहुंची। मीडिया द्वारा बिल्डिंग के सामने जेसीबी से अतिक्रमण हटाए जाने की खबर को संज्ञान लेते हुए सीएमओ वैभव देशमुख से जानकारी ली गई तब उनके द्वारा बताया गया कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा कोई अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है और नाही कोई जेसीबी हमारे द्वारा भेजी गई है। भवन मालिक द्वारा उनके निर्धारित भूखंड से आगे जाकर शासकीय भूमि पर बिल्डिंग की सीढ़ियां और रैंप निर्माण किया गया है। जिसके कारण स्मार्ट बाजार में सामान खरीदने आने वाले ग्राहक सड़क पर ही वाहन खड़ा कर चले जाते हैं और रेलवे स्टेशन रोड का यातायात बाधित होता है, जिससे आमजन को होने वाली असुविधा की शिकायतें भी मिल रही थी। इन्हीं विषयों को लेकर नोटिस जारी किया गया था। बिल्डिंग मालिक द्वारा स्वयं ही जेसीबी से रैंप और सीढ़ियां हटाई जा रही है। हमारे द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही हैं। उल्लेखनीय की पिछले दिनों 22 अक्टूबर को सीएमओ देशमुख के नेतृत्व में स्वच्छता टीम द्वारा नगर में गंदगी फैलाने को लेकर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई थी। उस दौरान अनेक प्रतिष्ठानों पर जुर्माना की कार्यवाही की गई थी। वहीं गंदगी फैलाने पर स्मार्ट बाजार पर भी 10,000 रुपए का जुर्माना किया गया था। कार्रवाई के दौरान लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से स्मार्ट बाजार बिल्डिंग के सामने सड़क पर वाहन पार्किंग को लेकर यातायात अवरोध होने पर आपत्ति दर्ज कराई थी। तब नगर पालिका प्रशासन द्वारा बिल्डिंग के नक्शे इत्यादि का निरीक्षण कर बिल्डिंग के सामने सीढ़ियां और रैंप के अतिक्रमण पर आपत्ति दर्ज कराते हुए नोटिस जारी किया था। वहीं सूत्रों की माने तो भवन अनुज्ञा में भी गलत कंपाउंडिंग किए जाने की बात आ रही है, इसी के साथ व्यावसायिक बिल्डिंग के लिए बिजली ट्रांसफार्मर कहां लगाए गए हैं यह भी एक जांच का विषय है? फिलहाल शनिवार छुट्टी के दिन जेसीबी से स्मार्ट बाजार के सामने की रैंप और सीढ़ियां हटाए जाने का मामला सुर्खियों में है।

