पुलिस की जांच के दौरान एक कार से 80 लाख रुपये की भारी-भरकम नकदी मिलने का मामला सामने आया है। कनाड़िया थाना क्षेत्र में फिनिक्स मॉल के पीछे खाली मैदान में खड़ी एक संदिग्ध वेगनआर कार की तलाशी लेने पर पुलिस को नोटों से भरी रकम मिली। कार में इतनी बड़ी राशि मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 8 बजे टीपीएस-05 मेन रोड के पास खड़ी कार क्रमांक MP 09 ZE 5088 की जांच की गई। तलाशी के दौरान कार से 500, 200 और 100 रुपये के नोटों में कुल 80 लाख रुपये बरामद हुए। इसमें 500 रुपये के नोटों में 75 लाख, 100 रुपये के नोटों में 3 लाख और 200 रुपये के नोटों में 2 लाख रुपये शामिल हैं।
देवास के रहने वाले हैं दोनों व्यक्ति
कार में मिली नकदी के संबंध में पुलिस ने तिलोक पुत्र भेरूलाल गामी और मनोज पुत्र भेरूलाल गामी को हिरासत में लिया है। दोनों देवास जिले के बागली थाना क्षेत्र के बरखेड़ा सोमा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, दोनों खेती-किसानी का काम करते हैं।
जमीन के सौदे की बताई कहानी, दस्तावेज नहीं मिलने से बढ़ा संदेह
पूछताछ के दौरान दोनों ने नकदी को देवास के बरखेड़ा-बागली क्षेत्र की जमीन से जुड़ा बताया। उनका कहना था कि वे यह रकम बिचौली निवासी सुरेश पटेल से लेकर आ रहे थे। हालांकि, इतनी बड़ी धनराशि के समर्थन में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। पूछताछ में बार-बार बदलते बयानों के चलते पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।
80 लाख की रकम जब्त, आयकर विभाग भी करेगा जांच
कनाड़िया पुलिस ने बरामद पूरी नकदी अपने कब्जे में ले ली है। अब रकम कहां से आई, इसका वास्तविक स्रोत क्या है और किस उद्देश्य से इसका लेन-देन किया जा रहा था, इन सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस द्वारा आयकर विभाग को भी मामले की जानकारी दी जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि कार में रखे 80 लाख रुपये का असली स्रोत क्या है? पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
MP NEWS CAST | मध्य प्रदेश की हर बड़ी खबर पर नजर


