कटनी (11 नवंबर) – कलेक्ट्रेट मार्ग पर डामरीकरण कार्य के पूर्व दशहरा पर्व के दौरान नागरिकों के आवागमन की सुविधा को दृष्टिगत रखते सीवर लाइन विस्तार कार्य के पश्चात बिछाई गई सीमेंट कंक्रीट की लेयर में दरार आने की शिकायत को निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने गंभीरता से संज्ञान में लिया है। डामरीकरण कार्य के पूर्व सीमेंट कंक्रीट लेयर की गुणवत्ता संबंधी सामने आई इस शिकायत पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निगमायुक्त के निर्देश पर कार्य का पर्यवेक्षण करने वाली कंपनी पीडीएमसी को नोटिस जारी किया गया है।
निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देशित किया कि निर्माण कार्य के पर्यवेक्षण का दायित्व निभाने वाली पीडीएमसी द्वारा अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं किए जाने के कारण गुणवत्ता संबंधी शिकायत सामने आई है। उन्होंने निगम अधिकारियों को संबंधित निर्माण एजेंसी एवं पीडीएमसी के प्रतिनिधियों के साथ स्थल निरीक्षण कर सीमेंट कंक्रीट लेयर में आई दरार एवं अन्य प्राप्त शिकायतों का परीक्षण करते हुए उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शिकायतों का संतोषजनक निराकरण होने तक संबंधित कार्य के बिल भुगतान की कार्यवाही पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए हैं।
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि शासकीय योजनाओं के अंतर्गत कराए जाने वाले निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्माण कार्यों के पर्यवेक्षण एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाने वाली एजेंसियों को अपने दायित्वों के प्रति जवाबदेह रहना होगा।



