कटनी। रेलवे के इलेक्ट्रिकल विभाग में कथित रिश्वतखोरी के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीनियर सेक्शन इंजीनियर अजयवीर सिंह को गिरफ्तार किया है। जबलपुर की CBI-ACB टीम ने आरोपी को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
मामले की शुरुआत शिकायतकर्ता तेजराम कुशवाहा की शिकायत से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि रेलवे से जुड़े कार्य और बिल भुगतान की प्रक्रिया के दौरान उनसे रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए CBI ने पहले मामले का गोपनीय सत्यापन कराया।
प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद CBI ने जाल बिछाया। योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता को निर्धारित रकम देने के लिए कहा गया। जैसे ही कथित तौर पर 45 हजार रुपये का लेनदेन हुआ, पहले से तैयार CBI टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी इंजीनियर को पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।
रेलवे विभाग में इस कार्रवाई के बाद भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
MP NEWS CAST | कटनी

