गंभीर एवं आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश, अस्पताल की व्यवस्थाओं में होगा सुधार
🔳कलेक्टर की अध्यक्षता और विधायक श्री संदीप जायसवाल की उपस्थिति में रोगी कल्याण समिति की बैठक सम्पन्न, सेवाभावी कर्मचारियों का हुआ सम्मान
🔳कटनी – जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और उपचार व्यवस्था को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने पांच पेइंग वार्ड विकसित करने सहित अनेक महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। पंजीयन काउंटरों पर मरीजों की सुविधा के लिए टोकन एवं माइक प्रणाली शुरू की जाएगी। साथ ही गंभीर एवं आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं तथा बर्न और गहन चिकित्सा इकाइयों में विशेष संवेदनशीलता के साथ उपचार सुनिश्चित करने को कहा गया है।
ये निर्देश कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित रोगी कल्याण समिति की कार्यकारिणी सभा की बैठक में दिए गए। बैठक में विधायक श्री संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल और जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर उपस्थित रहे। इस दौरान अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं, व्यवस्थाओं और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
*अस्पताल की सुविधाओं का होगा विस्तार*
कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में पांच पेइंग वार्ड विकसित करने, मातृ-शिशु भवन की ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने, क्रिटिकल केयर ब्लॉक के सामने बड़ा शेड बनाने तथा परिसर एवं फर्नीचर की रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए। इसके लिए पीडब्ल्यूडी को टेंडर जारी कर प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। अस्पताल में सोलर गीजर लगाने, लॉण्ड्री विभाग को अन्यत्र स्थानांतरित करने, आईसीयू में पर्दे लगाने, साइनएज प्रणाली विकसित करने और आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग के निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
*मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार जरूरी*
विधायक श्री जायसवाल और कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टॉफ का मरीजों और उनके परिजनों के प्रति व्यवहार संवेदनशील एवं सहयोगात्मक होना चाहिए। विधायक ने अस्पताल की छत से कूदने जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए छत की बाउंड्री चार से पांच फीट ऊंची करने का सुझाव दिया।
विधायक ने मेटरनिटी वार्ड की सराहना करते हुए कहा कि यहां गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की महिलाओं का सुरक्षित प्रसव हो रहा है। पन्ना, उमरिया, मैहर और जबलपुर के सिहोरा तक से गर्भवती महिलाएं यहां प्रसव के लिए आती हैं।
*गंभीर चिकित्सा सेवाओं पर विशेष ध्यान*
बैठक में क्रिटिकल केयर ब्लॉक की गहन चिकित्सा इकाई एवं मेल मेडिकल वार्ड प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। फीमेल मेडिकल वार्ड, एससीएनयू, बर्न एवं डायलिसिस वार्ड के युक्तिकरण तथा आयुष्मान योजना के लिए दो डाटा एंट्री ऑपरेटर रखने पर सहमति बनी। मरीजों को एक्स-रे प्लेट, कमर स्प्लिंट, दंत एवं विशेषज्ञ सेवाएं और मेडिकल बोर्ड की सुविधा न्यूनतम दरों पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक श्री जायसवाल द्वारा चार शव प्रशीतन इकाइयां तथा दानदाता श्री रंजीत सिंह सिसौदिया द्वारा 100 गद्दे उपलब्ध कराने पर आभार व्यक्त किया गया। कलेक्टर एवं विधायक ने सेवाभावी कर्मचारी श्री आदित्य मिश्रा और श्री कृष्णा रजक को सम्मानित किया। बैठक में सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा सहित समिति के सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन तथा 26 दिसंबर 2025 से 30 सितंबर 2026 तक के कार्यवाही एवं वित्तीय विवरण का अनुमोदन भी किया गया। बैठक में अशासकीय सदस्य श्री नवलेश मलिक एवं श्री कैलाश सोगानी, श्री अरविंद गुगालिया एवं श्री पवन बजाज मौजूद रहे।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी

