कटनी (6 नवंबर)। दीपावली का पर्व खुशियों के साथ-साथ स्वदेशी उत्पादों और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का भी संदेश देता है। इसी भावना को प्रोत्साहित करते हुए धनतेरस के शुभ अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर ने स्व सहायता समूह पिपरिया कला की महिलाओं द्वारा
तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों की खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा देशी मिट्टी से बनाए गए आकर्षक दीपक और रंगोली के पैकेट नगद भुगतान कर खरीदे तथा उनके हुनर और मेहनत की सराहना की। इस दौरान सुश्री कौर ने समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न स्वदेशी उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने पारंपरिक तरीके से बनाए गए मिक्स एवं मशरूम के अचार, शुद्ध घी और रंग-बिरंगी आकर्षक डिजाइन वाले दीयों की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों को सराहते हुए उनके आत्मविश्वास और स्वावलंबन को बढ़ावा देने का संदेश दिया। महिलाओं के हुनर को प्रोत्साहन देने के लिए जिला पंचायत के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी नगद भुगतान कर हस्तनिर्मित उत्पादों की खरीदारी की। अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुराग मोदी ने स्व सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया तथा रंगोली और दीपक खरीदकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर शबाना बेगम, परियोजना अधिकारी श्री ज्ञानेंद्र सिंह, सहायक परियोजना अधिकारी श्री मृगेंद्र सिंह, योगेंद्र कुमार असाटी, श्रीमती सीमा सिंह, कमलाकर मिश्रा सहित जिला पंचायत के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और स्थानीय महिलाओं के हुनर को सम्मान देने की यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

