कटनी। आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित निराकरण कराना ही एक जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी की पहचान है। इसी दिशा में नगर निगम कटनी की आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए सराहनीय पहल की जा रही है।
मसुरहा वार्ड के निवासियों द्वारा पेयजल व्यवस्था, नाली की समस्या, आवारा कुत्तों से परेशानी सहित सीवर लाइन से संबंधित विभिन्न शिकायतें निगमायुक्त के समक्ष रखी गई थीं। इन शिकायतों पर आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और समस्याओं के निराकरण की दिशा में तत्काल कार्रवाई कराई।
शिकायतों का समाधान होने से मसुरहा वार्ड के रहवासियों ने राहत की सांस ली। वार्डवासियों ने निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और समाधान के लिए त्वरित पहल की गई।
नागरिकों का कहना है कि जब प्रशासन आमजन की आवाज सुनता है और शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई करता है, तो शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होता है।
जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और त्वरित निराकरण की यह पहल निश्चित रूप से सराहनीय है। मसुरहा वार्डवासियों ने निगमायुक्त तपस्या परिहार एवं नगर निगम की संबंधित टीम का धन्यवाद प्रेषित किया।


