छिन्दवाड़ा/02 नवंबर 2026/ परिवहन आयुक्त एवं कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के आदेश के परिपालन में सोमवार को अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री अनुराग शुक्ला के निर्देशन में परिवहन विभाग के विशेष जांच दल द्वारा परासिया-जामई क्षेत्र में 28 स्कूल वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान वाहनों के दस्तावेज, चालकों के ड्रायविंग लाइसेंस, ओवरलोडिंग सहित अन्य निर्धारित बिंदुओं की जांच की गई।
जांच के दौरान स्कूल वाहन क्रमांक एमपी 04 पीव्ही 2616 को परासिया थाने में तथा स्कूल वाहन क्रमांक एमपी 28 बीडी 2118 और एमपी 28 टीए 1360 को जुन्नारदेव थाने में जप्त किया गया। इसके अलावा 13 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 1 लाख 2 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया। परिवहन विभाग द्वारा स्कूल वाहन संचालकों एवं चालकों को समझाइश दी गई कि वे मोटरयान अधिनियम 1988 के प्रावधानों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करें। नियमों का उल्लंघन अथवा कमियां पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


