कटनी – दीपावली पर्व के मद्देनजर उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लेने की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा सोमवार को माधवनगर स्थित साक्षी स्वीट्स से खोवा एवं काजू कतली, अमृतलाल स्वीट्स से पेठा, बस स्टैंड स्थित बीकानेर स्वीट्स से दूध पेड़ा तथा ओम साईं स्वीट्स से मावा पेड़ा एवं मावा बर्फी के नमूने लिए गए। वहीं, पुरैनी स्थित गोरेलाल लड्डू भंडार से बूंदी लड्डू का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।
इसी तरह विलायतकलां क्षेत्र में बाबा होटल से खोया बर्फी एवं नमकीन, संदीप होटल से खोया बर्फी, मगज लड्डू एवं नमकीन सेव तथा जितेन्द्र स्वीट्स से खोया बर्फी एवं मगज लड्डू के नमूने लिए गए हैं।
संग्रहित खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी, अमानक तथा गलत नाम या दावों के साथ बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी

