सांदीपनि विद्यालय के प्रेम तायवाड़े ने भी स्वर्ण पदक जीता, सोनू हजारे ने रजत पदक हासिल कर बढ़ाया जिले का गौरव*
पांढुर्णा/ 31 अक्टूबर 2026 / बालाघाट में 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय शालेय खेल योगासन प्रतियोगिता में पांढुर्णा जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के 10 संभागों से लगभग 350 खिलाड़ियों ने सहभागिता की। इसमें जबलपुर संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा के विद्यार्थियों ने शानदार उपलब्धियां अर्जित कीं।
प्रतियोगिता में सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा के कक्षा 12वीं के छात्र आकाश देवीलाल मोहबे ने 19 वर्ष बालक वर्ग की आसन प्रतियोगिता एवं आर्टिस्टिक पेयर प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं विद्यालय के ही कक्षा 12वीं के छात्र प्रेम दिनेश तायवाड़े ने आर्टिस्टिक पेयर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर की शालेय योगासन प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर जिले को गौरवान्वित किया है।
इसी क्रम में पांढुर्णा के खिलाड़ी सोनू संतोष हजारे ने 19 वर्ष बालक वर्ग की रिद्मिक पेयर प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया। वहीं 14 वर्ष बालक वर्ग के खिलाड़ी हार्दिक महेन्द्र एवं लक्ष्य नाचनकर ने भी रिद्मिक पेयर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.के. इरपाचे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री एच.बी. हांडे, सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा के प्राचार्य श्री सी.एस. बरेठ, जिला योग प्रभारी श्रीमती रंजना कुमरे, जिला खेल प्रभारी श्री खेलसिंह मरकाम एवं विद्यालय के समस्त शिक्षक-कर्मचारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

