कटनी दीपावली पर्व के मद्देनजर उपभोक्ताओं को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूना लेने की कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने स्लीमनाबाद और बहोरीबंद स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।
टीम ने स्लीमनाबाद तिराहा स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार से मिल्क केक, बादाम बर्फी और नमकीन सेव के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत सुधार सूचना भी जारी की गई। इसी प्रकार स्लीमनाबाद चौराहा स्थित गुप्ता मिष्ठान भंडार से मगज लड्डू, खोया बर्फी और नमकीन सेव के नमूने लिए गए। वहीं बहोरीबंद बस स्टैंड स्थित जबलपुर मिष्ठान भंडार से कलाकंद एवं खोया, जबकि इसी क्षेत्र के मां खेतस्वर बीकानेर से खोया बर्फी, मिल्क केक और रतलामी सेव के नमूने संग्रहित किए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि जांच में कोई खाद्य पदार्थ निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा प्रचलित नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी, अमानक तथा गलत नाम या दावों के साथ बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।


