गोटेगांव। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूज्य कथाव्यास सांवरे सरकार पंडित विपिन बिहारी जी महाराज के सानिध्य में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अपनी संस्कृति और परंपराओं को स्मरण किए बिना कोई भी सरकार सार्थक कार्य नहीं कर सकती। हमारी सनातन संस्कृति ही हमारी पहचान और हमारी जीवनशैली का आधार है। इसी भावना के अनुरूप प्रदेश सरकार धार्मिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक तीर्थस्थल एवं धर्मस्थल की पवित्रता और गरिमा को बनाए रखने के उद्देश्य से ऐसे क्षेत्रों में शराब की दुकानों को बंद कराने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके साथ ही परिक्रमा पथों के विकास, श्रीराम पथ गमन मार्ग के उत्थान तथा प्रत्येक नगर और ग्राम में गीता भवनों के माध्यम से धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने युवा पीढ़ी में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशा युवाओं के भविष्य और समाज की शक्ति को कमजोर कर रहा है। सरकार इस चुनौती से निपटने के लिए सख्ती के साथ प्रभावी कदम उठाएगी। हमारा संकल्प है कि वर्ष 2029 तक इस दिशा में ठोस और सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जाएं, ताकि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर राष्ट्र और समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल पूर्व राज्य मंत्री जालम सिंह पटेल मणि नागेंद्र सिंह पटेल के सचिव इंजीनियर सरदार सिंह पटेल भाजपा जिला अध्यक्ष रामस्नेही पाठक विधायक महेंद्र नागेश पूर्व विधायक हाकम सिंह पटेल नगर पालिका अध्यक्ष पूनम जितेंद्र ठाकुर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमति आरती सतीश पटेल नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमति श्रद्धा पंकज चौकसे भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अंजनी दीपक सोनी सहित बड़ी संख्या श्रद्धालु उपस्थित रहे


