रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। नगरीय प्रशासन विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर (जेडी) राजकुमार इवनाते एवं कार्यपालन यंत्री सचिन कडू ने नगर की साफ सफाई स्वच्छता को लेकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जिला
मुख्यालय के खोजनपुर वार्ड 32 में स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड का भी निरीक्षण किया और वहां लगे कचरे के पहाड़ को हटाने के निर्देश दिए। आश्चर्य का विषय है कि इस दौरान अधिकारियों को ट्रेंचिंग ग्राउंड की करीब 7 एकड़ भूमि के अधिकांश हिस्से पर किए गए अतिक्रमण पर कोई निर्देश नहीं दिए। सूत्रों की माने तो करीब 3 एकड़ भूमि पर ही नगर के कचरे की डंपिंग की जा रही है। आखिर बड़ा सवाल यह है कि यहां पर जवाबदार अधिकारी कर्मचारियों की निरंतर मौजूदगी के बाद भी विगत वर्षों में कैसे ट्रंचिंग ग्राउंड पर बेजा कब्जे हो गए हैं? जबकि करीब 10 वर्षों से जवाबदार अधिकारी जिला मुख्यालय के लिए ट्रेंचिंग ग्राउंड की जमीन नहीं खोज पाए हैं। वहीं शुक्रवार को नगरीय प्रशासन के अधिकारियों ने विकास योजनाओं तथा स्वच्छता व्यवस्था की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। मौजूद कर्मचारियों एवं अधिकारियों को समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही ट्रेचिंग ग्राउंड पर कचरे को ढेर को कम करने हेतु निर्देशित किया तथा कांट्रेक्टर द्वारा कार्य नहीं करने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख, स्वच्छ भारत अभियान के प्रभारी अनुराग तिवारी, इंजीनियर मुकेश जैन, दीक्षा तिवारी भी उपस्थित रहे। प्रशासनिक टीम ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन कराने की।


